दो साल पहले हुई थी शादी, अब फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव; पति गिरफ्तार


 मधेपुरा/चौसा: बिहार के चौसा प्रखंड अंतर्गत फुलौत थाना क्षेत्र में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम और एसडीपीओ मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है।

दो वर्ष पहले हुई थी शादी

मृतका की पहचान खगड़िया जिले के परबत्ता टाउन निवासी अवधेश यादव की 20 वर्षीय पुत्री शिम्पी कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार करीब दो वर्ष पूर्व उसकी शादी फुलौत के डाकबंगला चौक निवासी मक्का व्यवसायी बबलू यादव के पुत्र गुरुचरण कुमार से हुई थी। घटना के बाद ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।

मायके पक्ष ने लगाया दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप

मृतका के पिता अवधेश यादव ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन बाद में ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में अपाचे मोटरसाइकिल की मांग की जाने लगी। मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

परिजनों का यह भी आरोप है कि पति के कथित अवैध संबंधों को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। उनका कहना है कि इसी विवाद के चलते शिम्पी की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम ने घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं।

पति गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

मृतका की मां कुंती देवी के आवेदन पर पति गुरुचरण यादव, ससुर बबलू यादव सहित चार लोगों के विरुद्ध हत्या एवं अन्य संबंधित धाराओं में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।

फुलौत थानाध्यक्ष वरुण कुमार शर्मा ने बताया कि मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर पति गुरुचरण यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है तथा फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

नोट: पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल हत्या और दहेज प्रताड़ना के आरोप मायके पक्ष द्वारा लगाए गए हैं। घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही होगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ